संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। ग्रैंड वॉरियर्स एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स ने 8वीं यूटी पेनकैक सिलाट चैंपियनशिप में विभिन्न श्रेणियों में 9 पदक जीते। प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर के विभिन्न क्लबों और स्कूलों के 800 से अधिक एथलीट शामिल हुए। तीन दिवसीय 8वीं यूटी पेनकैक सिलाट चैंपियनशिप 23 से 25 सितंबर तक श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इनडोर स्टेडियम में आयोजित की गई थी।
जेएंडके स्पोर्ट्स काउंसिल के तत्वावधान में जम्मू-कश्मीर पेनकैक सिलाट एसोसिएशन ने प्रतियोगिता का आयोजन किया था। एलपी स्कूल के सचिव और ग्रैंड वॉरियर्स अकादमी के अध्यक्ष रऊफ अहमद ने रिजवान मुख्तार और यासूब को आगामी नेशनल चैंपियनशिप में चयन के लिए शुभकामनाएं दीं।
8वीं यूटी पेनकैक सिलाट चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले छात्रों में मोहम्मद यासूब ने प्री-टीन 48 किग्रा भारवर्ग में स्वर्ण, मीर अम्मार मुदासिर प्रीटीन 40-45 किग्रा भारवर्ग में रजत, साहिल फारूक ने सीनियर वर्ग (60 किग्रा) में रजत, अफ्फान सादिक ने 60-65 किग्रा भार वर्ग में कांस्य, शाकिर हुसैन ने 45+ भार वर्ग में कांस्य, फरजान भट ने 55 किग्रा भार वर्ग में कांस्य, अनीद ने 54 किग्रा भार वर्ग में कांस्य सीनियर, अनस ने 65 किग्रा भार वर्ग में कांस्य और बिलाल ने 50 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीता।