जुलूस का शहर में जगह-जगह स्वागत करने के साथ जलपान करवाया गया
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। गुड फ्राइडे और ईस्टर के उपलक्ष्य में बुधवार को जम्मू और कश्मीर संयुक्त चर्च फेलोशिप की ओर से शांति जुलूस का आयोजन शहीदी चौक से किया गया। यह रघुनाथ बाजार, शालामार, कच्ची छावनी, उस्ताद मोहल्ला, सीपीओ चौक, राजतिलक रोड और कनक मंडी से होते हुए शहीदी चौक पहुंच कर समाप्त हुआ। इसमें यीशु मसीह के क्रॉस ले जाने और रोमन सैनिकों द्वारा पीटे जाने की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनीं। जुलूस का शहर में जगह-जगह स्वागत करने के साथ जलपान करवाया गया।
गुड फ्राइडे वह दिन है, जब ईसा मसीह ने मानव जाति के पापों के लिए खुद को क्रूस पर बलिदान कर दिया था और ईस्टर वह दिन है जब ईसा मसीह फिर से जीवित हो उठे थे। जम्मू शहर और आसपास के विभिन्न चर्चों ने यीशु मसीह के क्रूस पर चढ़ने और पुनरुत्थान को दर्शाने वाली झांकियां निकालीं। चर्चों के गायकों ने यीशु मसीह का गुणगान किया। जुलूस का आयोजन रेव्ह शौकत पीटर, पादरी मुसरफ भट्टी, रेव्ह रॉबिन भट्टी, रेव्ह रोहिल मट्टू, यूनुस मसीह, नोवामानीकम, जॉर्ज कुट्टी, स्टोनियस, एंथोनी तेजी, पादरी जॉन रोक्स भट्टी की अध्यक्षता में किया गया। अंत में जेकेजेसीएफ के अध्यक्ष ने ईसाई समुदाय की ओर से प्रशासन, पुलिस विभाग, यातायात पुलिस, बाजार संघों, आम जनता, जेएमसी का आभार व्यक्त किया।
-