अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में पुलिस की पीसीआर वैन में कर्मियों द्वारा वर्दी में शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद विभागीय जांच के आदेश दिए गए है। यह वीडियो डिग्याना इलाके का है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पीसीआर की काले रंग की वैन में ड्राइवर सीट पर पुलिस की वर्दी में कर्मी बैठा है। उसके हाथ में गिलास है, जिसमें शराब भरी है। साथ की सीट पर एक और व्यक्ति बैठा है, जिसकी कमीज खुली हुई है। वह वैन से बाहर निकल कर खड़ा होने की स्थिति में भी नहीं है। यह भी दिख रहा है कि वैन के बीच शराब से भरे गिलास हैं। वीडियो बनता देख पुलिस कर्मी शराब की बोतल को बाहर फेंक देते हैं। यहां तक कि चालक पुलिस कर्मी मौके से भागता नजर आ रहा है। हैरानी की बात है कि श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर शहर में हाई अलर्ट है। ऐसे में पुलिस कर्मियों द्वारा पीसीआर वैन में ऐसी हरकत समझ से परे है। मामले को लेकर एसपी (साउथ) वाहिद शाहिन से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया।