केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सांबा जिले के रामगढ़ से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने व नौ हजार रुपये लेने के आरोप में पटवारी और चौकीदार को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डडयाल गांव के दिव्यांग किसान की शिकायत पर की गई है। उक्त पटवारी और सहयोगी चौकीदार हलका नंगा में तैनात है।
शिकायत में गिरदावरी जारी करने की एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। साथ ही यह रकम सहयोगी चौकीदार को सौंपने के लिए कहा था। इसके बाद सीबीआई की टीम ने जाल बिछा कर दोनों आरोपियों को 9000 रुपये की रिश्वत के लेनदेन में गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के घरों की भी तलाशी ली जा रही है। आरोपियों को बुधवार को विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निरोधक (सीबीआई मामले) जम्मू की अदालत में पेश किया जाएगा।