सांबा। कस्बे में अवैध पार्किंग की समस्या नासूर बनती जा रही है। त्योहारी सीजन में स्थिति और भी खराब हो गई है। इससे जहां आए दिन जाम लगा रहा है वहीं, दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। लोगों की समस्या को देखते हुए नगर परिषद ने शनिवार को डीसी अनुराधा गुप्ता से मिलकर समाधान के लिए कदम उठाया है। इस दौरान डीसी से समस्या के बारे में विचार-विमर्श किया जाएगा।
नगर परिषद के अध्यक्ष पवन कोहली ने बताया कि सांबा कस्बे में पार्किंग की सुविधा नहीं होने का दंश स्थानीय लोग और कारोबारी भुगत रहे हैं। उन्होंने कुछ स्थानों को पार्किंग के लिए चिन्हित किया है, जिसके बारे में डीसी से बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि कस्बे में कुछ स्थान खाली है, जहां वाहन पार्क किए जा सकते हैं, ताकि त्योहारी सीजन में ग्राहकों और दुकानादारों को राहत मिल सके।