सांबा। कस्बे में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से दुकानदारों के साथ ग्राहक भी परेशान हैं। बाजारों में बेतरतीब वाहन खड़े रहने से जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से भी उचित व्यवस्था नहीं की गई है।
कस्बे के बाजार में दोनों तरफ बेतरतीब वाहनों की कतारें आम देखी जा सकती हैं। क ई बार ग्राहक सामान खरीद रहा होता है। ऐसे में पुलिस जवान सीटी बजाना शुरू कर देते हैं, तो ग्राहक बिना सामान लिए ही अपने वाहन के पास पहुंच जाता है, व उसे वाहन बाहर निकालने के लिए कह दिया जाता है। कई बार इमरजेंसी मरीज के लिए एंबुलेंस के आने जाने में दिक्कत बनी रहती है। जिला अस्पताल के अंदर भी बेतरतीब वाहन की कतारें लगी रहती हैं।
------
हम अपने परिजनों के साथ बाजार में खरीदारी के लिए जाते हैं, तो वाहन खड़ा करने के लिए जगह नहीं होती। कई बार तो पुलिस जवान वाहन लगाने ही नहीं देते हैं। जल्दी-जल्दी सामान खरीद कर निकलते हैं। पार्किंग के नहीं होने से परेशानी बनी रहती है।
-अजय सिंह, स्थानीय निवासी, सांबा।
---------
कस्बे में पार्किंग के नहीं होने से ग्राहक परेशान रहता है। कई बार हमारे वाहन बाजार में खडे़ होते हैं, तो खडे़-खडे़ ही दूसरे वाहन की टक्कर से काफी नुकसान उठाना पड़ता है। उनके वाहन को दो बार नुकसान पहुंचा है। बाजार में भी जाम बना रहता है।
-जंगबीर सिंह, मंडी थलोरा निवासी, सांबा।
-------
दुकानदार पहले कोरोना से मायूस रहे, वहीं अब नवरात्रि के दौरान कुछ कारोबार चला है तो पार्किंग के नहीं होने से ग्राहक रुकता ही नहीं है। ग्राहक को पहले वाहन खड़ा करने के लिए जगह की तलाश रहती है। ऐसे में ग्राहकों के साथ दुकानदार भी परेशान रहते हैं।
-रंजु गुप्ता, स्थानीय दुकानदार, सांबा।
-------
हमने कई बार प्रशासन को कहा है कि कस्बे में पार्किंग की व्यवस्था की जाए, लेकिन उचित कदम नहीं उठाया जा रहा है। इससे ग्राहक बाजारों में वाहन खडे़ करते हैं। नवरात्र के दौरान बाजारों में पुलिस की भी पेट्रोलिंग रहती है। वह भी वाहनों को खडे़ करने में मनाही कर देते हैं, जिससे दुकानदारों को ही नुकसान उठाना पड़ता है।
-तजेंद्र सिंह, अध्यक्ष, व्यापार मंडल, सांबा।
----------
जिला अस्पताल में पार्किंग के लिए कुछ जगह है, फिर भी वाहनों के हिसाब से काफी कम है। अलग से पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। ऐसे में एंबुलेंस के लिए अलग स्थान चिह्नित कर रखा है। पुलिस जवानों को भी तैनात किया गया है, ताकि इमरजेंसी में एंबुलेंस के चालक को परेशानी न बने।
-डॉ. मोहिंद्र शर्मा, अधीक्षक, जिला अस्पताल, सांबा।