सांबा। भारत पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष विराम समझौते के बाद भी पाकिस्तान घुसपैठ के प्रयास करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। रक्षा सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना आतंकियों को इस तरफ धकेलने के लिए सीमा सुरक्षा बल की सतर्कता का स्तर टोह रही है। इससे पूर्व भी पाकिस्तानी सेना और उसकी खुफिया एजेंसियों की यही रणनीति रही है। कई बार किसी मानसिक रोगी को इस तरफ भेज दिया जाता है। सीमा पार बीएसएफ की प्रतिक्रिया का पता किया जाता है। वर्तमान में संघर्ष विराम है, ऐसे में घुसपैठ के लिए नए हथकंडे की भी आशंका बनी हुई है। ताजा मामले में चक दुल्मा में भारतीय सीमा में प्रवेश करते पाकिस्तानी घुसपैठिए को पकड़ा गया है। इससे पूर्व 16 मार्च को भी रामगढ़ की सीमा के मल्लु चक पोस्ट के सामने पाकिस्तानी घुसपैठिये को सीमा लांघने के बाद ढेर किया गया था।