रामबन। डीसी मुसरत इस्लाम ने एसडीएम रामसू और बनिहाल को निर्देश दिया है कि वे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की दो रियायती कंपनियों के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इन कंपनियों के खिलाफ बैहाल और रामसू से बहने वाली बिसलेरी नदी में अवैध रूप से खुदाई करने और मलबा डंप करने की शिकायत मिली थी।
डीसी ने कहा कि विश्वसनीय रिपोर्टों के मुताबिक एनएचएआई की दो रियायती कंपनियां रामसू से शेरबीबी तक बिना किसी कानून के डर के बिसलेरी नदी में पूरी गंदगी अवैध रूप से डंप कर रही हैं। ये कंपनियां रामबन-बनिहाल खंड में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चार लेन का काम कर रही हैं।
कोई भी कार्रवाई करने से पहले डीसी ने रामसू एवं बनिहाल के अनुमंडलीय दंडाधिकारी को निर्देश दिया है कि वे 25 अक्टूबर तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट कार्यालय में विशिष्ट टिप्पणियों के साथ प्रस्तुत करें। ताकि, डीएम कार्यालय मामले में आगे की कार्यवाही कर सके। डीसी ने जिला खनिज अधिकारी एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति के संभागीय अधिकारी को राष्ट्रीय राजमार्ग के रामबन-बनिहाल खंड का दौरा कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया।