जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) की ओर से आयोजित की गई पुलिस सब इंस्पेक्टर की भर्ती परीक्षा में धांधली के आरोपों की जांच होगी। जांच के लिए सरकार ने एक समिति गठित कर दी है। इस समिति की अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह विभाग आरके गोयल करेंगे। जांच में किसी भी तरह की गड़बड़ी पाए जाने पर पूरी भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया जाएगा।
अमर उजाला ने इस मामले को उठाया था
अमर उजाला ने इस मामले को सबसे पहले 8 जून को उठाया था। उधमपुर में शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान वीरवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में अभी तक की गई किसी भी भर्ती पर कोई उंगली नहीं उठाई गई है। अगर लोगों के मन में आशंका है, तो प्रशासन का कर्तव्य है कि वह निष्पक्ष जांच करे।
समिति तय समय में अपनी रिपोर्ट सरकार को देगी
उन्होंने कहा कि अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह विभाग की अध्यक्षता में सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा की जांच होगी। समिति तय समय में अपनी रिपोर्ट सरकार को देगी। अगर परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी हुई होगी, तो पूरी प्रक्रिया को रद्द किया जाएगा। साथ ही इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
1200 पदों का चार जून को जारी हुआ था परिणाम
जेकेएसएसबी ने 27 मार्च को जम्मू-कश्मीर पुलिस सब-इंस्पेक्टर के 1200 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा करवाई थी। इसका परिणाम इसी चार जून को जारी किया था। परीक्षा का परिणाम आने के बाद उम्मीदवार परीक्षा में धांधली का आरोप लगा रहे थे। मंगलवार को युवाओं ने प्रदर्शन कर इसकी जांच कराने की मांग की थी।
एक ही लाइब्रेरी में तैयारी करने वाले 60 छात्र चयनित
लिखित भर्ती परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों ने आरोप लगाया है कि एक ही परिवार के दो से तीन युवाओं का चयन हुआ। वहीं, एसआई भर्ती परीक्षा में 130 से 140 अंक लाने वाले उम्मीदवारों में ऐसे भी उम्मीदवार हैं, जिनके परिणाम जेकेएसएसबी द्वारा आयोजित अन्य परीक्षाओं में 20 से 30 अंक तक हैं। इतना ही नहीं अखनूर की एक लाइब्रेरी में तैयार करने वाले 60 अभ्यर्थियों के अंक 120 से अधिक आए हैं।