फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू कश्मीर: दूसरे प्रदेशों के लोगों को मतदाता बनाने पर विपक्ष लामबंद, विरोध का एलान, भाजपा पक्ष में उतरी

Thu, 13 Oct 2022 02:59 AM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू/श्रीनगर

सार

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में जनसांख्यिकीय बदलाव की साजिश रच रही है। नेशनल कांन्फ्रेंस (नेकां) ने कहा कि भाजपा चुनावों से डरती है और जानती है कि वह बुरी तरह हारेगी। 
विज्ञापन
जम्मू कश्मी चुनाव(फाइल) - फोटो : बासित जरगर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू कश्मीर में डिपार्टमेंटल स्टोर में बीयर की बिक्री को लेकर उठे भूचाल के बीच ही अब बाहरी लोगों को मतदाता बनाने के लिए जम्मू जिला प्रशासन की ओर से आवासीय प्रमाणपत्र जारी करने के लिए तहसीलदार को अधिकृत करने के अधिकार का व्यापक पैमाने पर विरोध शुरू हो गया है। कांग्रेस, पीडीपी, नेकां, डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी ने विरोध करने का एलान किया है।

सब कुछ संविधान के तहत: भाजपा 

भाजपा ने पक्ष में उतरते हुए कहा कि सब कुछ संविधान के तहत ही हो रहा है। अनावश्यक रूप से मामले को तूल दिया जा रहा है। दरअसल जम्मू की डीसी की ओर से मंगलवार को आदेश जारी कर कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति एक साल से जम्मू में रह रहा है तो संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार मौके पर जाकर सत्यापन कर आवास प्रमाण पत्र जारी कर सकता है। 

जनसांख्यिकीय बदलाव की साजिश कर रहा केंद्र: पीडीपी 

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में जनसांख्यिकीय बदलाव की साजिश रच रही है। वह बुधवार को कुलगाम में एक कार्यकर्ता के घर पहुंचने के बाद जम्मू प्रशासन की ओर से जारी आदेश पर संवाददाताओं से बातचीत कर रही थीं। महबूबा ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि वोटिंग अधिकार जैसी चीजों का रास्ता साफ करने के लिए ही जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाया गया है। भाजपा का मुख्य लक्ष्य यहां की जनसांख्यिकी को बदलना है।

कश्मीर और जम्मू के लोग उनके इरादों को समझ गए

भाजपा चुनाव से डरती है, क्योंकि अब कश्मीर और जम्मू के लोग उनके इरादों को समझ गए हैं। भाजपा बुरी तरह हार जाएगी। इसलिए अब गैर स्थानीय मतदाताओं को जोड़ने का सहारा लिया जा रहा है। महबूबा ने कहा कि पहले जमीन, नौकरियां और अब गैर-स्थानीय लोगों के लिए वोट का अधिकार मिलने से कश्मीरियों और डोगरों की पारंपरिक संस्कृति बर्बाद हो जाएगी। जम्मू-कश्मीर में उनके लिए कुछ भी नहीं छोड़ा जाएगा।

  • मुफ्ती ने कहा, जम्मू और कश्मीर के बीच धार्मिक और क्षेत्रीय विभाजन पैदा करने के भाजपा के प्रयासों को विफल किया जाना चाहिए। क्योंकि चाहे वह कश्मीरी हो या डोगरी, हमारी पहचान और अधिकारों की रक्षा तभी संभव होगी जब हम सामूहिक लड़ाई लड़ेंगे। इससे पहले बुधवार सुबह महबूबा ने ट्वीट कर जम्मू में नए मतदाताओं के पंजीकरण के चुनाव आयोग के आदेश की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि इस क्षेत्र में केंद्र की औपनिवेशिक बसने वाली परियोजना शुरू की गई है।

नेकां का ट्वीट- चुनाव से डरती है भाजपा

नेशनल कांन्फ्रेंस (नेकां) ने कहा कि भाजपा चुनावों से डरती है और जानती है कि वह बुरी तरह हारेगी। सरकार जम्मू-कश्मीर में 25 लाख गैर-स्थानीय मतदाताओं को जोड़ने की अपनी योजना के साथ आगे बढ़ रही है और हम इस कदम का विरोध करना जारी रखेंगे। जम्मू-कश्मीर के लोगों को इन साजिशों को मतपेटी में हराना चाहिए।

बाहरी लोगों को वोटिंग अधिकार दिया तो डीएपी विरोध करेगी : आजाद

अनंतनाग में डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी (डीएपी) के चेयरमैन गुलाम नबी आजाद ने बाहरी मतदाताओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अगर बाहरी लोगों को मत का अधिकार दिया तो पार्टी इसका विरोध करेगी। खनाबल में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा विरोध पहले भी था और अब भी रहेगा।

  • उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 में बाहरी लोगों को मत का अधिकार देने से रोकने का प्रावधान था। बुधवार को डीएपी में कई लोग शामिल हुए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने के लिए लोगों के बीच जाने को कहा। कहा कि पार्टी को निचले स्तर से मजबूत करने के लिए कमेटी का गठन जल्द होगा। आने वाले समय में पार्टी में और भी लोग शामिल होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें