पंजतूत का मामला...लोगों ने कहा-नहीं लगने देंगे स्मार्ट मीटर
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। गांवों में स्मार्ट मीटर लगाने जा रही टीमों को विरोध का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को उपजिला खौड़ के सीमावर्ती पलांवाला की पंचायत पंजतूत में स्मार्ट मीटर लगाने गई टीम को महिलाओं ने भगा दिया।
लोगों ने बताया कि टीम सुबह पोल व बिजली के तार लेकर आई और कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने हैं। पता चलते ही गांव की महिलाएं इकट्ठी हो गईं और विरोध शुरू कर दिया। कहा कि किसी भी कीमत पर स्मार्ट मीटर नहीं लगाने देंगे। विरोध बढ़ता देख टीम तार और पोल लेकर चली गई।
पंचायत के लोगों ने कहा कि हम सीमावर्ती गांवों में पहले ही बेहद मुश्किल भरा जीवन जी रहे हैं। जमीनें कारगिल युद्ध के दौरान से सेना के पास हैं। 1999 में डिफेंस मजबूत करने के लिए ली गई उपजाऊ जमीनें आज तक वापस नहीं मिली हैं। आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। सहारा देने के बजाये सरकार अधिक बोझ डालने का प्रयास कर रही है।
नेकां के जोनल वाइस प्रधान निवासी पंचायत पंजतूत बलदेव सिंह भाऊ ने बताया कि स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगे। रविवार सुबह एक टीम पंचायत में पोल और तार लेकर आई थी, जिन्हें महिलाओं ने भगा दिया। हमारी सीमावर्ती पंचायत है। लोगों की माली हालत बहुत कमजोर है। सरकार स्मार्ट मीटर लगाकर अधिक बोझ न डाले।