चार सामान्य सर्जरी की गईं, ट्रामा और इमरजेंसी केस जीएमसी जम्मू में ही देखे जाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के ई उद्घाटन के लंबे समय बाद आखिरकार महेशपुरा जम्मू स्थित बोन एंड ज्वाइंट (हड्डी व जोड़) अस्पताल में आपरेशन थियेटर (ओटी) की सुविधा शुरू कर दी गई है। पहले चरण में दो थियेटर स्थापित किए गए हैं, जिसमें चार सामान्य सर्जरी की गई हैं। फिलहाल सप्ताह में अभी एक या दो दिन ही सर्जरी की जाएगी,जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से इसका विस्तार किया जाएगा। आर्थो के सभी ट्रामा और इमरजेंसी मामलों को अभी जीएमसी जम्मू में ही देखा जाएगा।
बोन एंड ज्वाइंट अस्पताल में सामान्य सर्जरी की सुविधा शुरू होने से मरीजों को लाभ मिलेगा। इस 182 बिस्तर वाले अस्पताल में सात आपरेशन थियेटर का प्रावधान है, जिसमें दो डे केयर थियेटरों में उसी दिन सामान्य व इमरजेंसी के मामलों में आपरेशन किए जाएंगे लेकिन अभी दो ही थियेटर शुरू किए गए हैं। अस्पताल में रोजाना ओपीडी 400 तक पहुंच गई है, जिसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आर्थो संबंधी मामले लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। इस अस्पताल में सर्जरी और ओपीडी सेवा के शुरू होने से जीएमसी जम्मू पर सामान्य आर्थो मरीजों का बोझ कम हुआ है। स्टाफ और जरूरी संस्थानों की उपलब्धता पर भविष्य में सभी थियेटर शुरू करने का दावा किया गया है।
चरणबद्ध तरीके से रोगी स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देंगे-प्रिंसिपल
जीएमसी जम्मू के प्रिंसिपल डा. आशुतोष गुप्ता का कहना है कि बोन एंड ज्वाइंट अस्पताल में चरणबद्ध तरीके से रोगी स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। इसमें स्टाफ और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता पर अन्य थियेटर भी शुरू किए जाएंगे। लेकिन इमरजेंसी के सभी मामले अभी जीएमसी में ही देखे जाएंगे।
अस्पताल के लिए स्टाफ की कमी बड़ी चुनौती
बोन एंड ज्वाइंट अस्पताल को कुछ माह पहले आननफानन में शुरू तो कर दिया गया, लेकिन यहां पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता बड़ी चुनौती बनी हुई है। अस्पताल के लिए 389 पदों को सृजित करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया था, लेकिन अब तक इस पर कुछ नहीं हो पाया है। अस्पताल में मौजूदा 45 के करीब ही स्टाफ है, जिससे भविष्य में यहां स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करना मुश्किल होगा। स्टाफ का विस्तार होने पर ही आपरेशन थियेटर और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा दिया जा सकता है।