अमर उजाला ब्यूरो जम्मू। कोरोना वायरस के संक्रमण के रोकथाम हेतू देश के सभी संस्थान बंद हैं। इसके चलते जम्मू विश्वविद्यालय के अधिकतर विभाग ऑनलाइन क्लासेज के जरिए विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं। इसके साथ ही ऑनलाइन टीचिंग एवं लर्निंग के लिए जम्मू विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी विद्यार्थियों को लाइब्रेरी में उपलब्ध सारे ई- कंटेंट की रिमोट एक्सेस की सुविधा प्रदान कर रही है। इसके साथ ही संस्थान के शिक्षक छात्र-छात्राओं को ईमेल से लेक्चर भेज रहे हैं। वहीं कुछ शिक्षक वीडियो लेक्चर के जरिए भी विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम पूरा करने में मदद कर रहे हैं। जिसके लिए वे वॉट्सएप सहित अन्य मीडिया प्लेटफॉर्म का सहारा ले रहे हैं। इसके चलते छुट्टी में भी छात्र-छात्राएं घर बैठकर आराम से पढ़ाई पूरी कर रहे हैं। जेयू के आधिकारिक वक्ता डॉ. विनय थुस्सू ने बताया कि विश्वविद्यालय में सभी विभाग अपने स्तर पर विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम पूरा करवा रहे हैं। विद्यर्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जम्मू में २G इंटर्नेट के कारण प्राध्यापकों को ऑनलाइन लेक्चर देने में थोड़ी परेशानी हो रही है लेकिन जेयू के साथ प्रदेश के अन्य शिक्षण संस्थान हर संभव प्रयासों के साथ विद्यार्थियों को पढ़ाने में जुटे हैं। बता दें कि बहुत से विद्यार्थी 4 जी शुरू करने को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार से मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे इसकी कमी के कारण ऑनलाइन नहीं पढ़ पा रहे हैं और न ही देश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के लिए दाखिले का आवेदन कर पा रहे हैं।