अमर उजाला ब्यूरो जम्मू। कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते प्राइवेट स्कूलों की तरफ से ऑनलाइन क्लासीज चलाई जा रही है। जिसपर न केवल विद्यार्थियों को पढ़ाई करवाई जा रही है बल्कि उनकी स्पोर्टस की भी ऑनलाइन क्लासीज लगाकर उन्हें योगा और अन्य गतिविधियों में स्कूलों द्वारा व्यस्त रखा जा रहा है। स्कूल के शिक्षकों द्वारा बच्चों को मोबाइल, लैपटॉप और स्मार्ट फोन के जरिए घर मैं बैठकर पढ़ाया जा रहा हैं। इसके लिए टीचर बाकायदा बच्चों को ऑनलाइन क्लास के जरिए पूरे अनुशासन के साथ पढ़ा रहे हैं। स्कूल प्रशासन का कहना है कि एक क्लास में 40 से 50 बच्चों को क्लास दी जा रही है। प्राइवेट स्कूलों द्वारा अपने स्तर पर शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों से जुड़ने और उन्हें ऑनलाइन पढ़ाया जा रहा है। वहीं कुछ स्कूल बच्चों को होमवर्क और स्टडी मैटेरियल भेजकर उन्हें पढ़ा रहे हैं। शिक्षक अगले दिन बच्चों का होमवर्क चेक भी करते हैं। वहीं वीडियो के जरिए स्कूल शिक्षक बच्चों को सुबह 10 बजे से दो बजे तक पढ़ाई कराते हैं। इसी के साथ कुछ स्कूलों द्वारा हफ्ते में दो या तीन दिन बच्चों के स्पोर्टस पीरियड भी फिक्स किए गए हैं ताकि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को अन्य गतिविधियों में भी शामिल किया जा सके। स्कूलों द्वारा ऑनलाइन क्लासीज पर विद्यार्थियों को स्पोर्टस के पीरियड में योगा करवाया जा रहा है। जो उनके स्कूल के फिजिक्ल टीचर द्वारा करवाया जा रहा है। इसी के साथ उन्हें कई अन्य गतिविधियों में भी व्यस्त रखा जा रहा है। वहीं अगर इस बीच किसी बच्चे की क्लास छूट जाती है तो उसको ऑडियो-वीडियो भी सेंड की जाती है। इसी के साथ शिक्षकों द्वारा उनके साथ टेलीफोनिक कन्वर्सेशन करके उनकी हेल्प भी की जाती हैं। हालांकि 2जी के चलते शिक्षकों और विद्यार्थियों को काफी दिक्कत का भी सामना करना पड़ रहा है।