फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उमर ने कहा : लोग कहते थे नेकां मुसलमानों की पार्टी... जम्मू को कुछ नहीं देगी, हमने हिंदू उप मुख्यमंत्री दिया

Sun, 20 Oct 2024 02:34 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

पार्टी कार्यालय में उनका कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उमर भाजपा पर हमलावर रहे। कहा कि कुछ लोगों ने बीते आठ सालों में नेशनल कॉन्फ्रेंस को खत्म करने के लिए हर हथकंडा अपनाया।
विज्ञापन
Omar Abdullah - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री बनने के बाद उमर अब्दुल्ला शनिवार को पहली बार जम्मू पहुंचे। पार्टी कार्यालय में उनका कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उमर भाजपा पर हमलावर रहे। कहा कि कुछ लोगों ने बीते आठ सालों में नेशनल कॉन्फ्रेंस को खत्म करने के लिए हर हथकंडा अपनाया। जिस तरह से परिसीमन करवाया, आरक्षण में बदलाव किया, उसका उद्देश्य सिर्फ एक पार्टी को लाभ पहुंचना था, लेकिन लोगों ने उस सब को एक तरफ रखकर सोच-समझकर वोट दिया। परिणाम के बाद ही कुछ लोग कहना शुरू हो गए थे कि नेशनल कॉन्फ्रेंस मुसलमानों और कश्मीरियों की पार्टी है, जिसमें जम्मू को कुछ नहीं मिलेगा, लेकिन हमने जम्मू से हिंदू उपमुख्यमंत्री बनाया।

विज्ञापन


कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उमर ने कहा कि हिंदू उपमुख्यमंत्री बनाना उन लोगों को जवाब है, जो नेकां को परिवारवाद वाली पार्टी कहते थे। उपमुख्यमंत्री हिंदू है जम्मू का है और मेरे परिवार से संबंध नहीं रखता है। पहले उपमुख्यमंत्री गठबंधन की मजबूरी में बनाए जाते थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। बिना किसी मजबूरी या दबाव में हमने उपमुख्यमंत्री बनाया। पहली बार मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दोनों एक पार्टी से हैं।

अब हमारे विरोधी क्या कहेंगे। भाजपा पर आरोप लगाते हुए सीएम ने कहा कि बीते आठ सालों में हमारे नेताओं को डराया गया। कुछ लोग पार्टी छोड़ गए तो उन्हें लगा था, उनके जाने से पार्टी खत्म हो जाएगी, लेकिन नेकां कार्यकर्ताओं ने साबित कर दिया कि पार्टी नेताओं की नहीं कार्यकर्ताओं की है। चुनाव में जीते निर्दलीय उम्मीदवारों ने बिना किसी शर्त के पार्टी के साथ जुड़ने का फैसला लिया। खुद के लिए कुछ नहीं मांगा। कार्यकर्ताओं से कहा कि दिल छोटा करने की जरूरत नहीं है। हमें काम करने का मौका मिला है, उसको करना है। उन्होंने कहा, केंद्र शासित प्रदेश ज्यादा देर नहीं रहेगा। हम अपने अधिकार के लिए लड़ेंगे।
विज्ञापन


जम्मू के लोग नाराज हैं, तो यह नाराजगी पोलिंग बूथों पर क्यों नजर नहीं आई
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू के हमारे नेता कहते हैं, जम्मू के लोग नाराज हैं, लेकिन उनकी नाराजगी पोलिंग बूथों पर नजर नहीं आई। कश्मीर, चिनाब वैली और राजोरी-पुंछ के लोग भी नाराज थे, लेकिन उन्होंने अपनी नाराजगी वोट के माध्यम से बयां की। परिसमीन, आरक्षण को एक तरफ रखकर लोगों ने वोट किया। कहते हैं जम्मू के लोग स्मार्ट मीटर, दरबार मूव बंद होने, पानी की कमी, बिजली के ज्यादा बिल आने और बेरोजगारी को लेकर नाराज हैं, लेकिन यह नाराजगी पोलिंग बूथ पर नहीं दिखी। यहां तो लोगों में नाराजगी नहीं है, अगर नाराजगी होने के बाद भी वोट एक तरफ जा रहे हैं तो इसको समझने की जरूरत है। लेकिन वोट पैटर्न पर सरकार नहीं चलाई जाएगी।

अब फैसले लोगों की राय के बिना सचिवालय या अधिकारियों के कार्यालय में नहीं लिए जाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सरकार से उम्मीद है। उन्हें भी कई साल हुए हैं सचिवालय गए हुए। अधिकारियों को कुछ समय दो, उन्हें आदत हो जाए कि अब लोगों की सरकार है। अब फैसले बिना लोगों की राय के सचिवालय या अधिकारियों के कार्यालयों में नहीं लिए जाएंगे। अब प्रोजेक्ट और डीपीआर बनेंगे। लोग जो चाहेंगे, वह काम उनके इलाके में होगा। उमर ने कहा कि सचिवालय में अधिकारियों को कहा है कि पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर बने ऐसे प्रोजेक्ट, जिनमें लोगों की राय नहीं ली गई, उसमें लोगों की राय ली जाए। लोगों के बीच हमारा फासला नहीं बढ़ाना चाहिए। मैन यह तय किया है कि जहां सरकार का कार्यक्रम होगा, वहां लोगों के लिए खुद बातचीत कर उस क्षेत्र में परेशानियों का समझूंगा, ताकि वहां की परेशानी अधिकारियों से नहीं, लोगों से पता चले। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उनकी सरकार में मीडिया स्वतंत्र है। मीडिया के साथ कोई सख्ती नहीं होगी। सरकार के खिलाफ लिखने पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। बिना मीडिया की स्वतंत्रता के लोकतंत्र को मजबूत नहीं कर पाएंगे। पत्रकारों को जल्द मान्यता कार्ड मिलेंगे।

लोकसभा का चुनाव हारा तो कुछलोगों को लगा था मैं खत्म
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यह साल चुनावी साल रहा। लोकसभा चुनाव का परिणाम ऊपर-नीचे रहा। मेरा परिणाम तो कुछ ज्यादा ही नीचे रहा। उस वक्त समझ नहीं थी, कैसे ऊपर उठुंगा। लोगों को लगा था कि उमर अब्दुल्ला खत्म हो गया। लोगों ने पांच साल तक बात नहीं की, आज वे हर रोज मैसेज व फोन करते हैं। गुड मॉर्निंग से लेकर गुड नाइट तक के मैसेज आते हैं। उन्होंने कहा, पार्टी कार्यकर्ताओं से ही हमें तय करना है कि हम अपनी सरकार को गलत या अपनी सुविधा के लिए इस्तेमाल नहीं करेंगे। अगर हमने कहा हम ही हम तो लोग हमें इसकी सजा देंगे। यह सरकार हमारे लिए नहीं लोगों के लिए है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें