जम्मू। पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में नॉर्दन रेलवे मेन्स यूनियन जम्मू शाखा के सदस्य आठ से 11 जनवरी तक भूख हड़ताल करेंगे। सरकार की नीतियों का विरोध करने के साथ पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग उठाई जाएगी। यह फैसला वीरवार को यूनियन के सदस्यों ने लिया।
इससे पहले रेलवे में निजीकरण को लेकर न्यू सिक लाइन पर प्रदर्शन किया। शाखा अध्यक्ष एसबी दास की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन में मंडल अध्यक्ष कॉम शैम्बर सिंह ने कहा कि निजीकरण और निगमीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है जो रेलवे के लिए खतरनाक है। निजीकरण से कर्मियों पर काम का बोझ बढ़ेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि निजी कर्मी काम सही ढंग से नहीं करते। इसके अलावा पदोन्नति पर असर पड़ेगा। शाखा उपाध्यक्ष कॉम सत्यार्थ गुप्ता ने रेलवे प्रशासन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि निजीकरण कर्मचारियों के हित में नहीं है। इससे रेलवे में पद खत्म हो जाएंगे। यहां शाखा उपाध्यक्ष जेपी सिंह, राजेश कुमार, अमित, सोमनाथ, पीपी सिंह, मीडिया प्रभारी प्रकाश चंद्र मौजूद रहे।