ईओ के अनुसार नपा अध्यक्ष ने किया नया खुलासा, आज स्थिति साफ करेगा वकील
विपक्षी पार्षद बोले, इधर-उधर की बातें कर सभी को गुमराह कर रहे हैं चेयरमैन
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। नगरपालिका अरनिया के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ पेश अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सोमवार को एक नया मोड़ आया है। अध्यक्ष रमेश सैनी 31 अगस्त 2022 वाले अविश्वास प्रस्ताव को लेकर कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर पाए। अब उन्होंने नपा ईओ जोधराज को नपा के फ्लोर टेस्ट को लेकर कोर्ट में मामला चलने का खुलासा किया है। इसकी सुनवाई 24 अप्रैल को होने वाली है।
अध्यक्ष ने बताया कि इससे पहले विपक्षी पार्षदों ने उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था, जिससे संबंधित अदालत में मामला चल रहा है। वहीं, विपक्षी पार्षदों का कहना है कि अध्यक्ष ठोस सबूत पेश नहीं कर पाने पर इधर-उधर की बातें कर रहे हैं, और अपनी कुर्सी को बचाने की जद्दोजहद में लगे हुए हैं। नगरपालिका का अविश्वास प्रस्ताव को लेकर कोर्ट में कोई केस नहीं है, क्योंकि पहला अविश्वास प्रस्ताव विपक्षी पार्षदों ने सर्व सहमति से वापस ले लिया था। उन्होंने कहा कि ईओ जल्द इस अविश्वास प्रस्ताव को अमल में लेकर आएं और फ्लोर टेस्ट की तारीख निर्धारित करें।
अध्यक्ष ने कहा है कि कोर्ट में किसी पुराने अविश्वास प्रस्ताव को लेकर केस चल रहा है। उससे संबंधित उन्होंने कागजात भी दिखाए हैं, जिसमें नरेश कुमार और अन्य पार्षदों का जिक्र है। इस संबंध में 24 अप्रैल को कोर्ट में सुनवाई है। विभाग के सरकारी वकील से इस संदर्भ में बात की गई है। उन्होंने मंगलवार को स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा है। वकील से कानूनी सलाह लेने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जा सकेगी।
- जोधराज, ईओ, नगरपालिका अरनिया