श्रीनगर। फोटो स्टूडियो से आर्ट गैलरी में तबदील श्रीनगर की एकमात्र निजी महट्टा आर्ट गैलरी कश्मीर के उभरते कलाकारों के लिए नया मंच है। झेलम नदी के तट पर स्थित आर्ट गैलरी में पूरे कश्मीर के कलाकारों ने अपनी पेंटिंग, तस्वीरें और सुलेख प्रदर्शित किए हैं। इसके अलावा महट्टा आर्ट गैलरी ने होम स्टे की सुविधा भी शुरू की है, ताकि पर्यटकों को स्थानीय जीवन का अहसास दे सके।
स्थानीय कलाकार मेहराजुद्दीन ने कहा, जिस जगह पर हम अभी खड़े हैं, वह महट्टा के फोटोग्राफरों द्वारा क्लिक की गई तस्वीरों को विकसित करने की कार्यशाला हुआ करता था। बाद में इसे एक प्रदर्शनी हॉल में बदल दिया गया।
महट्टा एंड कंपनी के कर्मचारी वानी ने कहा कि शुरुआत में यह फोटो लैब हुआ करती थी। बाद में धीरे-धीरे इसे अन्य कलाकारों के लिए भी खोल दिया गया। इसके बाद लोग आने लगे और प्रदर्शनी के लिए इस जगह को बुक करने लगे। हमें खुशी है कि यहां कला प्रदर्शनियां शुरू हो गई हैं। हाल ही में मश्क ए अरब नामक एक कला प्रदर्शनी महट्टा में आयोजित की गई थी।
सबाहत ने कहा, यह जम्मू-कश्मीर के कलाकारों के लिए शानदार माहौल और बेहतरीन अवसर वाला एक अद्भुत स्थान है। उन्होंने कहा कि पूरे कश्मीर के कलाकारों ने गैलरी में अपनी पेंटिंग, तस्वीरें और सुलेख प्रदर्शित किए हैं। उन्होंने कहा, इससे यह संदेश जाता है कि कश्मीर में प्रतिभा है। हमें कलाकारों को प्रोत्साहित करने की जरूरत है। हमारे पास मलेशिया, केरल और दिल्ली से भी प्रतिभागी आते हैं। सुलेख कलाकार और चित्रकार समीर हुसैन डार ने कलाकारों के काम को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करने के लिए महट्टा आर्ट गैलरी का आभार व्यक्त किया है। डार ने कहा, हम यह देखकर अच्छा लगता है कि लोग यहां आते हैं और कलाकारों की कला की सराहना करते हैं।