सांबा। जिला प्रशासन ने चीची माता ट्रस्ट के सहयोग से नवरात्रि उत्सव के तहत चीची माता मंदिर में माता का दरबार समागम का आयोजन किया। इस अवसर पर एडीसी राजेन्द्र सिंह और मुख्य कार्यकारी अधिकारी एकीकृत वाटरशेड प्रबंधन कार्यक्रम डॉ. भारत भूषण विशिष्ट अतिथि थे।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग जम्मू की सांस्कृतिक शाखा की ओर से प्रस्तुत माता के भजन और स्थानीय कलाकारों ने कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। जिला सूचना अधिकारी अजय शर्मा ने कहा कि एक अक्तूबर को मंदिर में भक्ति गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। शनिवार को चीची माता मंदिर में जिला प्रशासन द्वारा भक्ति गीत प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। नवरात्रि महोत्सव के तहत दो अक्तूबर को लंगर सुविधा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, माता की कथा, महानवमी उत्सव, जागृति आदि कार्यक्रम होंगे। इस अवसर पर विजय आनंद सांस्कृतिक विंग प्रशिक्षक, कृष्ण गुप्ता उपाध्यक्ष प्रबंधन समिति चीची माता सांबा, कलाकार राजीव शर्मा, बंटी कुमार, कमल, मोहिंदर आदि उपस्थित रहे।