संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर फुटबाल टीम ने इतिहास रचते 67वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों में स्वर्ण पदक जीत चैंपियन का खिताब पाया। वॉलीबाल में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक पर कब्जा किया। प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार समारोह टीआरसी सिंथेटिक टर्फ श्रीनगर में हुआ। असाधारण फुटबाल कौशल का प्रदर्शन करते हुए युवा जम्मू-कश्मीर फुटबालरों ने कठिन मुकाबले में मजबूत सीआईएससीई टीम को एक गोल (1-0) से हराया। जेएंडके के आदित्य महाजन को मैन ऑफ द मैच व ओवैस अय्यूब को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया।
इससे पहले पोलो ग्राउंड में सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर ने केरल पर पेनल्टी शूटआउट के माध्यम से 7-6 से रोमांचक जीत हासिल की। एक अन्य रोमांचक सेमीफाइनल में सीआईएससीई ने ग्रीन वेली इंस्टीट्यूट ग्राउंड में राजस्थान को हराया। राजस्थान और केरल ने तीसरे स्थान के लिए मैच में एक-दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धा की, जिसमें केरल ने कांस्य पदक जीता।
इस बीच वॉलीबाल में उत्तर प्रदेश के खिलाफ सेमीफाइनल में हार के बाद जम्मू-कश्मीर की टीम ने तीसरे स्थान के लिए पश्चिम बंगाल के खिलाफ कांस्य पदक जीता। फाइनल में यूपी ने राजस्थान को रोमांचक मुकाबले में हरा कर ट्रॉफी अपने नाम की। मोहम्मद सलमान को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि कुणाल दास प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने।
युवा सेवा और खेल विभाग के सचिव सरमद हफीज ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के युवा बेहद प्रतिभाशाली हैं और उनके करिश्माई प्रयास ने खेल बिरादरी को गौरवान्वित महसूस करवाया है।