जम्मू। दो दिवसीय राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप मंगलवार को संपन्न हुई। 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 300 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। गुजरात ने सबसे ज्यादा पदक जीते, जबकि उत्तर प्रदेश दूसरे और हरियाणा तीसरे नंबर पर रहा।
मंदिरों के शहर ने भारतीय पावरलिफ्टिंग फेडरेशन (आईपीएफ) के बैनर तले राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी की। त्रिकुटा नगर के साईं पैलेस में उद्घाटन भाजपा महासचिव (संगठन) अशोक कौल ने किया, जबकि समापन समारोह में डीआईजी शक्ति पाठक मुख्यातिथि थे। पाठक ने राष्ट्रीय खेल आयोजन के लिए आईपीएफ की सराहना करते कहा कि इससे युवाओं को खेलों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। खेलों की लत नशे से बेहतर है। यह भी कहा कि जम्मू पुलिस नशे के खिलाफ अभियान चलाने के साथ ऐसे खेल आयोजनों का समर्थन कर रही है। इससे पहले अशोक कौल ने कहा कि यह आयोजन जम्मू-कश्मीर के युवाओं को फिटनेस की ओर आकर्षित करते हैं। आईपीएफ के महासचिव राजन जैन और मीडिया सचिव दीपक खजूरिया ने इतनी बड़ी भागीदारी और चैंपियनशिप के सुचारू संचालन के लिए मुख्य अतिथियों और सभी सचिवों, रेफरियों व खिलाड़ियों को धन्यवाद दिया।