अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का जम्मू दौरा रविवार को रद्द हो गया। मौसम खराब होने से वह जम्मू नहीं पहुंच सके। हालांकि, हजारों कार्यकर्ता रघुनाथ मंदिर से लेकर जम्मू एयरपोर्ट तक पहुंच चुके थे। प्रदेश स्तर के नेता स्वागत के लिए समर्थकों के साथ पहुंच गए थे। नड्डा ने श्री रघुनाथ मंदिर दर्शन करने आने था। इसके बाद भाजपा प्रदेश कोर समिति के साथ बैठक करनी थी। रघुनाथ मंदिर से इंदिरा चौक तक उनके रोड शो की भी तैयारी की गई थी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने बताया कि पूरे जम्मू-कश्मीर से कार्यकर्ता आए हुए थे। लेकिन, मौसम खराब होने से राष्ट्रीय अध्यक्ष का विमान नहीं उतर सका और दौरा रद्द करना पड़ा। कहा कि जल्द वह वर्चुअल मोड के माध्यम से वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। वहीं, रविंद्र रैना ने रघुनाथ मंदिर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को नड्डा का दौरा रद्द होने की जानकारी दी। साथ ही कार्यकर्ताओं का खराब मौसम के बावजूद पार्टी अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत करने आने के लिए धन्यवाद किया। बता दें कि हजारों कार्यकर्ता सुबह से ही घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन बाद में दौरा रद्द होने की सूचना मिलने पर वे निराश होकर लौट गए।