संवाद न्यूज एजेंसी
पौनी। तहसील पौनी में बिजली की कटौती ने लोगों के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। सुबह से रात तक कई बार बिजली की कटौती होती है। बिना सुविधा के भी लोग बिलों का भुगतान करने के लिए मजबूर हैं। इसलिए क्षेत्र में बिजली के मीटर लगवा कर आर्थिक नुकसान से राहत दिलाई जाए। यह गुहार लोगों ने शिवखोड़ी धाम के आधार शिविर रनसू में बुधवार को आयोजित ब्लॉक दिवस कार्यक्रम में डीसी बबीला रकवाल से लगाई है।
लोगों ने बताया कि रोजाना सुबह से रात तक होने वाली बिजली की कटौती के बावजूद लोग बिलों का भुगतान करने के लिए मजबूर हैं। बिना मीटर के ग्रामीणों की जेब पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है। क्षेत्र के कई गांवों में बिजली विभाग की ओर से मीटर ही नहीं लगाए गए हैं। इस कारण बिना सुविधा के तय रेट के हिसाब से बिलों का भुगतान करना पड़ रहा है। बिजली के मीटर लगाना बहुत जरूरी हैं, ताकि ग्रामीण जितनी बिजली की खपत करें उन्हें उतने ही बिल का भुगतान करना पड़े।
इसके साथ ही पंचायत जनप्रतिनिधियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रनसू में एक्स-रे मशीन स्थापित करने की मांग उठाई है। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर एक्स-रे की सुविधा के लिए पौनी या फिर सुंदरबनी का रुख करना पड़ता है। इससे समय सहित आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने रनसू में दिव्यांगों के लिए शिविर लगाने की भी मांग उठाई, ताकि दूरदराज के दिव्यांगों को प्रमाण पत्र बनाने के लिए भटकना न पड़े। डीसी ने इस संबंध में जल्द कदम उठाने का आश्वासन दिया। साथ ही ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस मौके पर डीडीसी केवल कृष्ण शर्मा आदि मौजूद रहे।