अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में तीन थाना क्षेत्रों में तीन लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो चुकी है। परिवार हत्या का आरोप लगा चुके हैं, लेकिन दो हफ्ते बीतने के बावजूद एक भी मामले से पर्दा नहीं उठ पाया। हालांकि पोस्टमार्टम की शुरुआती जांच ही बता देती है कि मौत का कारण क्या था, पर पुलिस पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में ही उलझी है। अहम बात यह है कि मरने वालों में दो ऑटो चालक और एक बीटेक का छात्र था।
दरअसल, सिटी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत होटल में राजोरी के रहने वाले इमरान खान का शव मिला था। वह बीटेक का छात्र था। इमरान के अभिभावकों ने कहा है कि उसकी हत्या की गई। दस दिन बीतने के बाद भी साफ नहीं हो सका है कि यह हत्या है और या फिर कोई और कारण था। सिटी थाना प्रभारी मोहिंदर सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। मामले की जांच अंतिम चरण में है। इसी तरह सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल के बाहर ऑटो में मृत मिले चालक साहिल कुमार के मामले की जांच भी अनसुलझी है। साहिल की मौत को परिवार ने हत्या करार दिया था। लापता के तीन दिन बाद शव ऑटो में मिला था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कुछ कहा जा सकता है। इसके अलावा कनाल रोड पर भगवती नगर के रहने वाले ऑटो चालक की मौत हो गई थी। मौत का कारण अब तक सामने नहीं आया। परिवार का कहना है कि ऑटो चालक के साथ ऑटो स्टैंड पर मारपीट हुई, जिसकी वजह से मौत हुई। फिलहाल जांच तक सभी मामले सिमट कर रह गए हैं।