भूमि तल में पार्किंग, प्रथम तल में कार्यालय, दूसरी मंजिल में बेंक्वट हाल बनाया
बेक्वेट हॉल में 1000 लोगों के बैठने की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। कस्बे के महाराजा हरी सिंह चौक के निकट टाउन हाल में नगर परिषद कार्यालय की इमारत बनकर तैयार हो चुकी है। इसके लिए पांच करोड़ के फंड रखा गया था, जिसमें 3.72 लाख की लागत से कार्यालय की इमारत बनाई गई है।
भूमि तल में पार्किंग, प्रथम तल में कार्यालय, दूसरी मंजिल में एक बेंक्वट हॉल बनाया गया है। बेंक्वट हॉल में 1000 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। छोटे कार्यक्रम भी किए जा सकेंगे। नगर परिषद की ओर से बनाई गई पहली ऐसी इमारत होगी, जिसमें आम लोगों के लिए पार्किंग की सुविधा मिलेगी। बता दें कि कस्बे में पार्किंग नहीं होने से आम लोगों के साथ दुकानदारों को भी परेशानी रहती है। बाजारों में वाहन खड़े रहने से आने जाने की दिक्कतें रहती हैं। कई बार लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं। नगर परिषद कार्यालय की पार्किंग में 70 वाहन पार्क हो सकेंगे। इससे लोगों को सुविधा मिल सकेगी। बाक्स
हमने कई बार हाऊस की मीटिंग में पार्किंग की सुविधा के लिए योजना बनाने की मांग की थी। नगर परिषद के कार्यालय की इमारत में पार्किंग की सुविधा से लोगों को लाभ मिलेगा।
सीमा अंबा, पूर्व पार्षद वार्ड 1 सांबा।
बाक्स
हमने अपने कार्यकाल के दौरान इस प्राेजेक्ट की योजना बनाई थी, जिसे अमलीजामा पहनाया गया है। कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारी व अधिकारी भी अच्छे कार्यालय में काम कर सकेंगे। पार्किंग के बनने से लोगों को राहत मिलेगी।
पवन कोहली, पूर्व अध्यक्ष नगर परिषद सांबा।
नगर परिषद के कार्यालय की इमारत का काम साल 2022 में शुरू करवाया गया था। यह आगामी दो माह तक तैयार हो जाएगी। कार्यालय में बनाई जाने बाली पार्किंग में शुल्क भी रखा जाएगा। लोगों की सुविधा के लिए बेंक्वट हॉल भी बनाया गया है, ताकि छोटे कार्यक्रम किए जा सकें।
जोध राज, सीईओ नगर परिषद