संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। अरनिया-सुहागपुर मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल और साइकिल की आपसी भिड़ंत में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार कुश कुमार निवासी कोठी मलें घर से अरनिया किसी काम के लिए जा रहा था। वहीं दूसरी ओर साइकिल चालक कमल सैनी भी अरनिया की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोटरसाइकिल ने जैसे ही साइकिल को टेकओवर किया, तो संतुलन खो बैठा और साइकिल के अगले टायर से टक्कर हो गई। इससे मोटरसाइकिल सवार का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। कमल सैनी के सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। देर शाम तक दोनों की हालत गंभीर बताई गई। वहीं सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में साइकिल और मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।