बिश्नाह। बिश्नाह के वार्ड नंबर 13 के एक खाली मकान से रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मिले 20 वर्षीय युवक कन्नू शर्मा के शव का सोमवार को बिश्नाह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद परिजनों ने देवस्थान पुरमंडल में अंतिम संस्कार कर दिया। जवान बेटे की मौत के दुख में डूबी मां ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि कन्नू के गले में एक सोने की चेन थी। उसके पास मोबाइल फोन और एक एटीएम कार्ड था। परिजनों ने बताया कि जब कन्नू के शव की जांच की गई तो तीनों चीजें गायब थीं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कन्नू ड्रग लेने का आदी था और पिछले तीन-चार महीनों से पंजाब के किसी नशा मुक्ति केंद्र में नशे से छुटकारा पाने के लिए दाखिल था। मृतक कन्नू शर्मा की मां ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद