पुलिस ने जारी की थी तीनों की तस्वीरें, देर रात को बिश्नाह थाने लाया
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बिश्नाह के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले तीन छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। जिन्हें देर रात कटड़ा से बरामद किया गया। देर रात इन्हें बिश्नाह थाने लाया गया। छात्रों को तलाश करने के लिए पुलिस को खूब पसीना बहाना पड़ा। हालांकि इनके मिलने पर पुलिस और अभिभावकाें ने राहत की सांस ली।
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे तीनों छात्र स्कूल के पिछली तरफ के दरवाजे से निकल गए थे। स्कूल से निकलने के बाद बच्चों ने मोबाइल फोन पर 100 रुपये का रिचार्ज भी किया। छात्रों में अरनिया के पिंडी कुडवाल का रहने वाला मनीश कुमार, कूल कलां का रहने वाला स्वैन सलारिया और डिग्याना जम्मू का रहने वाला गर्व भट्टी शामिल हैं। यह तीनों निजी स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ते हैं। इनकी आयु 14 वर्ष है। अंतिम बार देखे जाने पर ये सफेद शर्ट और नीली पैंट पहने हुए स्कूल यूनिफॉर्म में थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीनों छात्रों की तस्वीरों को पुलिस के विभिन्न थानों और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। आम लोगाें से बच्चों का पता देने की अपील भी की गई। तीनों छात्रों में से छात्र गर्व भट्टी के पिता राकेश कुमार, स्वैन सलारिया के पिता ने पुष्टि की की कि उनके बच्चे मिल गए हैं।