एलओसी का दौरा करते जीओसी संदीप जैन
- फोटो : संवाद
पाकिस्तान को उसी की भाषा में करारा जवाब दिया जाएगा। यह बात राजोेरी सेक्टर में एलओसी पर सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने पहुंचे जीओसी व्हाइट नाइट कोर संदीप जैन ने कही है। शुक्रवार को राजोरी-पुंछ सीमावर्ती जिलों की नियंत्रण रेखा का दौरा कर उन्होंने हालात का जायजा लिया।
जीओसी ने जवानों से भी मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। राजोेरी जिले के कंडी केसरी हिल के जंगलों में घात लगाकर बैठे आतंकियों की ओर से सैन्य जवानों पर हमले के बाद की स्थिति को देखते हुए जीओसी का यह महत्वपूर्ण दौरा था। उनके साथ फील्ड कमांडर और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
जीओसी ने अपने दौरे के दौरान नियंत्रण रेखा पर तैनात जवानों व अधिकारियों को पाकिस्तानी सेना, आतंकवादियों और आईएसआई की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। कहा कि जैसे ही नियंत्रण रेखा पर कोई संदिग्ध हरकत दिखे तो उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाए।
एलओसी पर जवानों को निर्देश दिए कि यदि पाकिस्तान की तरफ से कोई भी घुसपैठ का प्रयास किया जाता है तो घुसपैठियों को तत्काल ढेर किया जाए, ताकि वे नशे की खेप या हथियारों के साथ भारतीय क्षेत्र में न घुस पाएं।
नियंत्रण रेखा के आसपास ड्रोन की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जाए। कहा कि पाकिस्तान ड्रोन के माध्यम से नशा, हथियार भेजने के की नापाक कोशिशें कर रहा है, लेकिन हर बार उसे मुंह की खानी पड़ रही है।