- रैली के माध्यम से किया लोगों को जागरूक, कचरा प्रबंधन पर दी विस्तृत जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मोदी सरकार गांधी के सत्य, अहिंसा सिद्धांतों पर काम कर रही है। यह बात मेयर राजेंद्र शर्मा ने छन्नी हिम्मत के सामुदायिक हॉल में स्वच्छता ही सेवा 2023 पहल के समापन मौके पर कही।
अभियान का उद्देश्य स्वच्छ और कचरा मुक्त भारत बनाने के लिए नागरिकों को सामूहिक प्रयास को प्रेरित करना रहा। इसमें 500 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। जेएमसी ने नागरिकों के बीच स्वच्छता और एकता को बढ़ावा देने के लिए छन्नी हिम्मत सामुदायिक हॉल परिसर के आसपास रैली निकाली।
मेयर राजेंद्र शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी के बारे में प्रसिद्ध वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन ने कहा था कि ऐसे व्यक्तित्व के लिए आने वाली पीढ़ियों को यह विश्वास करना मुश्किल होगा कि ऐसा कोई इंसान कभी धरती पर हुआ था। उन्होंने कहा कि गांधी के प्रतिपादित सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। स्वच्छता मिशन 2014 में 4-5 उद्देश्यों को पूरा करने के साथ शुरू किया गया था। पूरे भारत में लगभग 4043 शहरों, 7 लाख गांवों और 8.3 मिलियन लोगों ने स्वच्छता मिशन में भाग लिया। देश में 89.9 मिलियन शौचालय बनाने पर 40700 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
जेएमसी के आयुक्त राहुल यादव ने स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन को प्राथमिकता देने की शपथ दिलाई। स्वच्छता के महत्व, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर प्लास्टिक कचरे के प्रतिकूल प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए एक विचारोत्तेजक नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। प्रतिभागियों को गीले और सूखे कचरे का निपटान करने पर जानकारी दी गई। यह कार्यक्रम स्वच्छता ही सेवा पहल में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो स्वच्छ और कचरा मुक्त भारत बनाने में सहायक होगा।