जम्मू। शहर में पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही में आ रही दिक्कतों का समाधान किया जाएगा। यह बात अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अनसूया जामवाल ने बैठक में कही। उन्होंने कहा कि व्यापारियों द्वारा सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण के मुद्दे पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अनसूया ने जिला प्रशासन के रुख को दोहराया और कहा कि दंडात्मक कार्रवाई नियम टूटने पर की जाएगी। इससे आवागमन पर बाधा नहीं आएगी। जम्मू उच्च न्यायालय की ओर जाने वाली सड़कों पर सुचारू यातायात प्रवाह सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। मौजूदा समय में अतिक्रमण के कारण परेशानी आ रही है।
अतिरिक्त डीएम ने अधिसूचित क्षेत्रों को अनधिकृत पार्किंग और रेहड़ियों से मुक्त रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में संबंधित चुनौतियों, लाभों को पहचानते हुए यातायात प्रबंधन और पार्किंग समाधानों पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में एसपी उत्तरी जम्मू कुलबीर हांडा, एसपी दक्षिण जम्मू शाहीन वाहिद, एसडीएम दक्षिण अतुल दत्त शर्मा, एसडीएम उत्तरी नितीश राजोरा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ब्यूरो
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सुनीं लोगों की समस्याएं
दोमाना। भलवाल तहसील की घैंक पंचायत घर में शुक्रवार को जनता दरबार लगाया गया वित्तीय कमिश्नर गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजकुमार गोयल मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव ने भलवाल तहसील के लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दूर करने के निर्देश दिए। लोगों ने खराब सड़कों और कंडी बेल्ट में पीने के पानी की दिक्कत से अवगत कराया। यहां एसीडी प्रीति शर्मा, एसएसपी विनोद, डीडीसी चेयरमैन भारत भूषण बोधि, डीडीसी जोगिन्द्र सिंह, बीडीसी भलवाल कुलदीप राज उपस्थित रहे। संवाद