कश्मीर में मौसम साफ होने पर ट्यूलिप गार्डन का नजारा
- फोटो : संवाद
मौसम के साफ रहने से जम्मू संभाग में पारे ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। जम्मू में दिन का तापमान तीस डिग्री के करीब पहुंच गया है। पिछले कुछ सालों में अप्रैल में गर्मी ने सताया है, जिससे इस बार भी तपिश बढ़ने के आसार दिख रहे हैं। वहीं, शुक्रवार को मरम्मत कार्य के चलते जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद किया गया है। मुगल रोड भी बंद है। हालांकि एसएसजी रोड पर आवाजाही जारी है।
वहीं, कश्मीर में फिलहाल मौसम सुहावना बना हुआ है। यहां अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री नीचे चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 10 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा।
इससे पहले जम्मू में वीरवार की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ सीधी धूप में तपिश का अहसास हुआ। यहां दिन का तापमान 29.0 और न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बनिहाल में दिन का तापमान 20.4, बटोत में 19.5, कटड़ा में 26.5 और भद्रवाह में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर के तापमान में फिलहाल राहत बनी हुई है।
श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा गिरकर 17.3 और न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में दिन का तापमान 12.8 और गुलमर्ग में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।