लंगर महाजन बिरादरी की तरफ से मेल का आयोजन किया गया।
ज्यौडियां। खौड़ उपजिले के गांव कलीठ स्थित दाती शीलावंती लंगर स्थान पर रविवार को लंगर महाजन बिरादरी की मेल का आयोजन हुआ। इस मौके पर लंगर महाजन बिरादरी के कलीठ तथा आसपास के गांवों के हजारों लोगों ने दाती शीलावंती लंगर के मंदिर में माथा टेक कर आशीर्वाद लिया और परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।
मंदिर में माथा टेकने वाले लोग सुबह सात बजे से ही पहुंचने लगे थे। खौड़ प्रशासन के सहयोग से मेल के दौरान चिकित्सा विभाग, कृषि विभाग, बागवानी विभाग, आधार सेवा तथा जम्मू कश्मीर बैंक ने अपने अपने स्टॉल लगाए थे। वे मेल के दौरान उमडे़ क्षेत्र लोगों को अपनी योजनाओं के बारे में जागरूक कर रहे थे। एसडीएम खौड़ अनिल कुमार ठाकुर तथा डीडीसी भूषण बराल ने भी मेल में भाग लिया और मां शीलावंती के दरबार में माथा टेका।
इस मौके पर बच्चों के लिये खिलौने, खाने पीने, मनोरंजन, आदि सहित कई तरह के स्टॉल लगे हुये थे। दाती शीलावंती लंगर स्थान कमेटी के चेयरमैन राम लंगर, प्रधान जगमोहन लंगर, जनरल सेक्रेटरी विनोद लंगर, कोषाध्यक्ष चमन लाल लंगर, आदि ने बताया कि इस मेल को क्षेत्र के लोगों की तरफ से मेले का रूप दे दिया जाता है। क्षेत्र के लोग भी अधिक संख्या में पहुंचते हैं, जिससे मेल की रौनक बढ़ती है। वहीं, बिरादरी के सदस्य शाम लाल लंगर, भारत भूषण लंगर, आदि ने बताया कि बिरादरी के ज्यादातर लोग जम्मू या अखनूर में रहते हैं। इस लिये मेल को सफल बनाने में स्थानीय लोगों का काफी सहयोग मिलता है। मौके पर भंडारे का आयोजन भी हुआ, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।
लंगर महाजन बिरादरी की तरफ से मेल का आयोजन किया गया।