क्या जम्मू-कश्मीर में अल्पसंख्यक मुख्यमंत्री स्वीकार करेंगी भाजपा- रवि शंकर
पटना साहिब से भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने महबूबा मुफ्ती के अल्पसंख्यक के ट्वीट पर पलटवार किया है। उन्होंने महबूबा मुफ्ती को सवाल करते हुए कहा कि क्या वह जम्मू कश्मीर में किसी अल्पसंख्यक को मुख्यमंत्री के रूप में स्वीकार करेंगी?
रवि शंकर प्रसाद ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'ऋषि सुनक के यूके के पीएम के रूप में चुने जाने के बाद भारत में अल्पसंख्यकों के अधिकारों से जुड़ा महबूबा मुफ्ती का ट्वीट देखा। क्या आप (महबूबा मुफ्ती) जम्मू-कश्मीर में अल्पसंख्यक को मुख्यमंत्री के रूप में स्वीकार करेंगी? इसका सपष्ट जवाब दिजिएगा।'
वहीं, एक अन्य ट्वीट में सांसद ने कहा, 'ब्रिटेन के पीएम के रूप में ऋषि सनक के चुनाव के बाद कुछ नेता बहुसंख्यकवाद के खिलाफ अति सक्रिय नजर आ रहे हैं। उन्हें राष्ट्रपति के तौर पर एपीजे अब्दुल कलाम की असाधारण अध्यक्षता, मनमोहन सिंह के 10 वर्षों के लिए प्रधानमंत्री बनाए जाने के बारे में याद दिलाना चाहुंगा। यही नहीं, एक प्रतिष्ठित आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू अब हमारी राष्ट्रपति हैं।'
कुमार विश्वास फिरकी लेते हुए बोले- 'सही बात है बुआ'
कवि कुमार विश्वास ने महबूबा मुफ्ती के इस बयान पर फिरकी ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'भारत ने तो डॉ जाकिर हुसैन, फखरुद्दीन अली अहमद, डॉ. मनमोहन सिंह, डॉ. कलाम जैसे ढेर सारे अल्पसंख्यक भारतीयों के नेतृत्व में खूब प्रगति की है। अब आपको भी जम्मू कश्मीर में जबरन अल्पसंख्यक बनाए गए धर्म का मुख्यमंत्री बनाने के प्रयास शुरू करने चाहिए।'