आरएस पुरा। गत दिनों अरनिया थाना प्रभारी द्वारा सरपंचों व अन्य लोगों के साथ की गई मारपीट के मामले में रविवार को सरपंचों-पंचों ने बैठक। इसमें इस मुद्दे को लेकर चर्चा की। बैठक में भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह सलाथिया व पूर्व विधायक कमल अरोड़ा मुख्य तौर पर उपस्थित रहे।
इस दौरान सरपंचों ने थाना प्रभारी द्वारा सरपंच सुभाष सैनी, बलबीर कौर तथा अन्य के साथ किए अभद्र व्यवहार तथा मारपीट पर रोष जताया। कुल पंचेल के सरपंच सुभाष सैनी ने कहा कि पुलिस ने सभी हदें पार करते हुए उनके तथा गांव के कुछ लोगों के साथ मारपीट की, उनके खिलाफ मामला भी दर्ज किया, जो कि उनके साथ बेइंसाफी है। उन्हें इंसाफ मिलना चाहिए, जिस अधिकारी ने उनके साथ इस तरह किया उसे बर्खास्त किया जाना चाहिए। त्रेवा की सरपंच बलबीर कौर के साथ-साथ अन्य सरपंचों पंचों ने भी विचार रखते हुए इस मामले की निंदा की, और कहा कि दोषी अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह सलाथिया ने कहा कि पुलिस विभाग के अधिकारी इस मामले को उच्च स्तरीय जांच कर रहे हैं और सरपंचों-पंचों के साथ इस तरह की घटना को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। पूर्व मंत्री ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों से भी बातचीत की है और पुलिस की तरफ से आश्वासन दिया गया है कि मामले की निष्पक्ष तरीके के साथ जांच होगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह की घटना निंदनीय है। पूर्व विधायक कमल अरोड़ा ने कहा कि अरनिया थाना प्रभारी को इस तरह नहीं करना चाहिए। लोगों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर किसी भी समस्या का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने जिस प्रकार की हरकत की है वह बर्दाश्त के काबिल नहीं। ऐसे में पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों का प्रशासन को कानून के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।