लेह। कोरोना वायरस महामारी को काफी हद तक नियंत्रित कर चुके लद्दाख में अब पर्यटन क्षेत्र को पटरी पर लाने की कवायद शुरू हो गई है। वीरवार को प्रदेश के पर्यटन आयुक्त सचिव रिग्जिन सैंफेल ने केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के सचिव के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग में विस्तार से चर्चा की। इस दौरान स्थानीय व राष्ट्रीय स्तर पर लद्दाख पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इस दौरान प्रदेश में साफ सुथरे माहौल में कोरोना संक्रमण को लेकर एहतियात के साथ पर्यटन गतिविधियां शुरू करने पर विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर निदेशक पर्यटन विकास लद्दाख मुमताज हुसैन, सहायक निदेशक पर्यटन लेह जिगमित नामग्याल और अंडर सेक्रेटरी शबीर हुसैन भी मौजूद थे।