जम्मू। उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त सचिव तलत परवेज रोहिला ने मंगलवार को एनएएसी द्वारा कश्मीर संभाग के सरकारी डिग्री कॉलेजों की मान्यता पर प्रगति की समीक्षा की। इस संबंधी बैठक में निदेशक वित्त, निदेशक योजना, निदेशक महाविद्यालय, नोडल प्राचार्य कश्मीर के अलावा महाविद्यालयों के प्राचार्यों ने भाग लिया। आयुक्त सचिव ने एनएएसी द्वारा निर्धारित बुनियादी मान्यता मापदंडों के लिए कॉलेजों का मूल्यांकन भी किया। उन्होंने इन मापदंडों के संबंध में प्रगति के बारे में प्रधानाध्यापकों से इनपुट मांगे। आयुक्त सचिव ने नोडल प्रिंसिपल कश्मीर को निर्देश दिया कि विभिन्न कॉलेजों के इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल (आईक्यूएसी) के समन्वयक के लिए विषय विशेषज्ञों से संबंधित कार्यशाला का आयोजन करने को कहा। प्राचार्यों ने सभी समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया।