चौथे पुल से घराना गांव तक मार्ग के छह लेन होने के आदेश से लोग चिंतित
सड़क किनारे मकान व दुकान बनाने वाले लोग परेशान, बेघर होने का डर
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। मीरां साहिब सहित टाली मोड, रेलवे पटरी, लिंक रोड सिंबल, आदि के लोगों ने शुक्रवार को टाली मोड में एक बैठक की। इस दौरान चौथे पुल से सीमावर्ती गांव घराना तक केंद्र सरकार द्वारा मार्ग को चौड़ा करने संबंधी जारी किए आदेश पर चर्चा की गई। इस दौरान लोगों ने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण में सरकार लोगों को बेघर न करे। कोई और रास्ता निकाले।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राज्य सचिव एडवोकेट हुकूमत सिंह ने की। इसमें पूर्व विधान परिषद सदस्य विक्रम रंधावा और डीडीसी आरएस पुरा गारू राम भगत भी शामिल हुए। स्थानीय दुकानदारों व लोगों ने कहा कि सरकार ने एक आदेश में कहा है कि जम्मू से घराना तक मुख्य सड़क को चौड़ा कर छह लेन करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधीन किया गया है। लोगों ने कहा कि अगर सड़क को चौड़ा किया जाता है तो सड़क किनारे रहने वाले लोगों को काफी नुकसान होगा। सरकार को कोई ऐसा रास्ता निकालना चाहिए, जिससे लोगों को कोई नुकसान न हो।
कहा कि वर्षों से क्षेत्र के लोग सड़क किनारे बसे हुए हैं, और दुकानें चलाकर परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। ऐसे में सड़क का चौड़ीकरण करते समय अगर उनकी दुकान व मकान को तोड़ा जाता है तो लोग बेघर हो जाएंगे। भाजपा नेता इस अपील को केंद्र सरकार तक पहुंचाएं। इस पर वरिष्ठ नेता विक्रम रंधावा ने आश्वासन दिया कि मांग को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। स्थानीय लोगों को साथ लेकर जल्द राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी और उन्हें लोगों की मांगों के बारे में बताया जाएगा। इसके अलावा शनिवार को सांसद जुगल किशोर शर्मा से भी मुलाकात कर एक ज्ञापन दिया जाएगा।
आरएस पुरा डीडीसी ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया था। उन्हें बताया गया था कि इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधीन कर दिया गया है। तब अधिकारियों ने जानकारी दी थी कि मार्ग को चौड़ा नहीं किया जाएगा। चौड़ाई उतनी ही होगी, जितनी पहले है। ऐसे में लोगों को भयभीत होने की जरूरत नहीं है। मौके पर कीर्तन सिंह, गुरचरण सिंह, रमेश लाल भगत, कुलदीप सिंह, आदि मौजूद थे।