मवेशी तस्करों से छुड़ाए और लावारिस घूम रहे गौवंशों की गोशाला में की जा रही सेवा
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। क्षेत्र में मवेशी तस्करों से छुड़ाए और लावारिस घूम रहे गौवंशों की सेवा कर रहे पुलिस प्रशासन की सहायता के लिए जनप्रतिनिधियों ने हाथ बढ़ाया है। शनिवार को एक बैठक कर पंचों और सरपंचों ने दान दिया, और अपनी पंचायत की ओर से कुछ न कुछ दान देते रहने का आश्वासन दिया।
गोशाला को अच्छे ढंग से चलाने के लिए और गोशाला में आ रही कमियों पर विचार विमर्श के लिए कई पंचायतों के सरपंचों, पंचों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक की। इस दौरान गोवंशों की बढ़ती संख्या के कारण बढ़ती चारे की जररूत, अतिरिक्त शेड एवं अन्य जरूरतों पर चर्चा की गई। वहीं, गोशाला में पड़े कबाड़ की वजह से हो रही जगह की कमी को लेकर भी प्रबंधन कमेटी ने प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करवाया। सरपंचों-पंचों ने कहा कि यह कार्य सारे सनातन प्रेमियों का है, जो गाय को माता मानते हैं। मौके पर आए सभी सरपंचों-पंचों ने दिल खोल कर गोशाला की सेवा में दान किया और आश्वासन दिया कि वह अपनी पंचायत की तरफ से हर महीने कुछ न कुछ गौ सेवा में जरूर दान करेंगे।
सरपंच शमशेर सिंह ने कहा कि अखनूर नपा को गोशाला में पड़े कबाड़ को जल्द उठाना चाहिए। उन्होंने नपा कार्यकारी अधिकारी से गोशाला के कार्य में सहयोग देने और सरकार द्वारा आने वाली गोशाला के लिए सहयोग राशि उपलब्ध करवाने का भी अनुरोध किया। मौके पर सरपंच शमशेर सिंह, सरपंच जगदीश राज शर्मा, दविंद्र सिंह, सरपंच रतन लाल, सरपंच किशोरी लाल, सरपंच प्रशांत शर्मा, सरपंच कश्मीर सिंह, आदि उपस्थित रहे।