सांबा। सीमावर्ती गांव बैनगलाड में एक युवक का पंखे के साथ लटका शव मिला है। पुलिस के अनुसार वीरवार सुबह बैनगलाड निवासी स्वर्गीय अवतार चंद का बेटा अभि चौधरी (25) का घर के कमरे में पंखे से लटका शव मिला। बताया गया है कि अभि के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। दो भाई घर में रहते थे। रात को दोनों भाई सोए थे। करीब 12 बजे तक दोनों मोबाइल के साथ गेम खेलते रहे। बाद में बिजली गुल हो गई। जब छोटे भाई रवि ने बडे़ भाई को आवाज दी, तो कोई जवाब नहीं आया। इस पर उसने उसके कमरे में देखा तो अभि का शव पंखे से लटक रहा था। छोटे ने चिल्लाना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दायर कर छानबीन शुरू कर दी है।