अखनूर। मथवार में सोमवार से शुरू हुए वसंत पंचमी मेले का समापन वीरवार को हो गया। बीते तीन दिनों में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं में बाबा बल्लो देव जी का आशीर्वाद लिया। सबसे अधिक श्रद्धालु बाबा बल्लो जी के जन्मोत्सव के दिन बसंत पंचमी पर पहुंचे थे। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और देश के बाकी हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई।
दिल्ली से पहली बार आए एक परिवार ने बताया कि देव स्थान की महिमा का व्याख्यान उन्होंने सुना था लेकिन बाबा जी के दर्शन से वह निहाल हो गए। उन्होंने बताया कि देव स्थान में पहुंच कर उन्हें बहुत सकारात्मक महसूस हुआ और वह अपने अंदर एक धार्मिक उत्साह का अनुभव कर रहे हैं।
वहीं वीरवार सुबह ग्रामीण ब्राह्मण सभा के पूर्व अध्यक्ष पंडित पुरुषोत्तम शर्मा अपनी टीम के साथ बाबा जी का आशीर्वाद लेने पहुंचे। सभी ने आरती में भाग लिया। बाबा जी की आरती के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
बाबा बल्लो देव स्थान के मुख्य महंत बाबा यशपाल शर्मा ने बताया मथवार नगरी में बाबा बल्लो जी का देव स्थान 500 वर्षो से भी पुराना है। हर वर्ष वसंत पंचमी पर बाबा बल्लो जी का जन्मदिन बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। उन्होंने पुलिस, ट्रैफिक पुलिस व जम्मू कश्मीर प्रशासन द्वारा मेले के सफल आयोजन में दिए गए उनके विशेष योगदान के लिए भी आभार जताया।