आरएस पुरा में मैराथन का हुआ आयोजन, नशे से दूर रहने के दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। आरएस पुरा में पूर्व रणजी खिलाड़ी व धावक प्रणव महाजन की याद में मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन का आयोजन महाराजा रणबीर सिंह स्पोर्ट्स क्लब की ओर से किया गया। मैराथन शुरू करने के पूर्व प्रणव महाजन को श्रद्धांजलि दी गई।
मैराथन आरएस पुरा स्थित स्कॉस्ट परिसर से आरंभ की गई, जिसे एसपी हेड क्वार्टर रमनीष गुप्ता ने हरी झंड़ी दिखाई। इस दौरान कई खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने स्कॉस्ट परिसर से दौड़ शुरू की। लोगों को प्रणव महाजन की तरह नशे से दूर रहकर अपने आपको फिट रखने का संदेश देते हुए धावक 10 किलोमीटर सफर तय कर वापस स्कॉस्ट परिसर में पहुंचे। इस दौरान राज्य पुलिस के आईपीएस अधिकारी बसंत रथ सहित आरएस पुरा वर्कर एसोसिएशन प्रधान राज कुमार गुप्ता ने दौड़ में शामिल लोगों को प्रोत्साहित किया।
एसपी हेड क्वार्टर ने कहा कि प्रणव महाजन ने जिस तरह स्थानीय युवा वर्ग से लेकर हर वर्ग के लोगों को शारीरिक रूप से फिट रहने के प्रति प्रोत्साहित किया, वह एक महान कार्य था। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष आरएस पुरा निवासी व पूर्व रणजी खिलाड़ी प्रणव महाजन की पंजाब में एक मैराथन दौड़ में भाग लेने के दौरान जान चली गई थी। उन्हीं की याद में रविवार को मैराथन का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रणव महाजन के परिजन भी मौजूद थे।