संवाद न्यूज एजेंसी
दोमाना। रायपुर-दोमाना विधानसभा क्षेत्र के मशीन दोमाना के लोगों ने बिजली की अघोषित कटौती को लेकर मंगलवार को बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सरपंच पवन सलाथिया ने बताया कि मशीन दोमाना के लोगों को कई महीनों से बिजली की अघोषित कटौती का सामना करना पड़ रहा है। हर साल बिजली की समस्या से जूझना पड़ता है। हल्की सी बारिश या फिर आंधी में विभाग तुरंत बिजली बंद कर देता है और फिर 15 से 20 घंटे तक बिजली बहाल नहीं होती। बीती रात भी बारिश शुरू होते ही देर रात करीब 2 बजे बिजली बंद कर दी गई, जो दोपहर तीन बजे बहाल हुई। क्षेत्र में तीन ट्यूबवेल हैं जिससे पीने के पानी की आपूर्ति की जाती है, लेकिन पौनी चक स्टेशन से बत्ती गुल रहने के कारण लोगों को पानी के लिए दिनभर कशमकश करनी पड़ी। उन्होंने मांग कि ग्रिड स्टेशन पटोली से बिजली सप्लाई की जाए। साथ ही कहा कि कई बार क्षेत्रवासियों ने अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया है, लेकिन कहीं से सुनवाई नहीं हो पा रही। यहां पंच रेखा देवी, पंच सरचुन कुमार, पंच सतपाल, राजेंद्र सिंह और जीत चौधरी उपस्थित रहे।