अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर के प्रमुख एमए स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह होगा। जम्मू-कश्मीर पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, सीआरपीएफ, महिला टुकड़ियां, होम गार्ड, अग्निशमन, आपातकालीन सेवाओं और वन सुरक्षा बल के दस्ते बैंड के साथ मार्च पास्ट में भाग लेंगे।
निदेशक स्कूल शिक्षा और जम्मू-कश्मीर सांस्कृतिक अकादमी की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने के साथ रिहर्सल शुरू की जाएगी। मंडलायुक्त रमेश कुमार ने शनिवार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह के साथ उपायुक्तों और विभिन्न विभागों के प्रमुखों की बैठक में संभाग स्तर पर स्वतंत्रता दिवस-2023 समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारी बैठक से जुड़ें।
एडीसी ने मंडलायुक्त को मुख्य समारोह के लिए की गई व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। मंडलायुक्त ने कहा-यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी जिलों में समारोहों के सुचारू संचालन के लिए पूरी व्यवस्थाएं पहले से ही कर ली जाएं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, कार्यालयों की रोशनी, पीएएस, समारोह स्थलों पर बिजली और पानी का प्रावधान, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं, आकस्मिकताओं, सांस्कृतिक गतिविधियों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को सुचारू संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं करने के लिए कहा।
विभागों को उचित समय पर जिम्मेदारी निर्वहन करने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग को कार्यक्रम स्थल पर डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस तैनात करने का निर्देश दिया, जबकि अन्य विभागों को उचित समय पर जिम्मेदारी पूरी करने की हिदायत दी। जेएमसी आयुक्त को मुख्य स्थल और अभ्यास स्थलों पर स्वच्छता, पानी के टैंकर और मोबाइल शौचालय सुविधाओं की व्यवस्था करने के लिए कहा। जिला उपायुक्त संबंधित जिलों में प्रत्येक सरकारी भवन और स्कूलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराना सुनिश्चित करेंगे। एडीजीपी ने एसएसपी को पहले से ही तैनाती योजना तैयार कर सभी स्थानों पर परेशानी मुक्त समारोह सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया।