जम्मू। जोन जम्मू ने लड़कियों के सभी आयुवर्गों में बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज की। एमए स्टेडियम के इंडोर हाल में शुक्रवार को बैडमिंटन में अंडर-14, 17 और 19 लड़कियों के फाइनल में जोन जम्मू ने भलवाल और गांधीनगर को हरा दिया। जिला जम्मू के युवा सेवा और खेल विभाग ने सभी आयु वर्गों में लड़कियों के बैडमिंटन और डोगरा ग्राउंड शास्त्री नगर में अंडर-19 लड़कों के बास्केटबाल में अंतर जोनल जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया।
लड़कों के अंडर-19 आयु वर्ग में बास्केटबाल के सेमीफाइनल मुकाबलों में जोन जम्मू ने सतवारी को 22-06 और जोन गांधिनगर ने जोन अखनूर को 25-19 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। बैडमिंटन में जोन जम्मू की लड़कियों ने अंडर-14 के फाइनल में जोन भलवाल को 2-0 से, अंडर-17 और अंडर-19 के फाइनल में जोन गांधीनगर को 2-0 से हराकर विजेता का खिताब पाया।
टूर्नामेंट का आयोजन युवा सेवा एवं खेल जेके यूटी के निदेशक सुभाष चंदर छिब्बर के संरक्षण में संयुक्त निदेशक युवा सेवा एवं खेल जम्मू सूरम चंद शर्मा के मार्गदर्शन और डीवाईएसएसओ जम्मू सुखदेव राज शर्मा की समग्र देखरेख में किया गया था। विजेताओं और उपविजेताओं के बीच पदक समारोह उप निदेशक केंद्रीय जितेंद्र मिश्रा वाईएसएस, उप निदेशक योजना वाईएसएस रवि शर्मा और डीवाईएसएसओ जम्मू के साथ-साथ विभाग के सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। प्रतियोगिता में जिले के सभी चौदह जोन के लगभग 80 खिलाड़ियों ने भाग लिया।