मोबाइल छीना, फोन पे का पिन लेकर 52 हजार रुपये निकालेएटीएम कार्ड भी साथ ले गए बाइक सवार चार नकाबपोश संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। थाना आरएस पुरा के अधीन गांव जिंदड़ मेहलू के पास शनिवार रात को सड़क पर सैर कर रहे एक युवक से हथियार का भय दिखाकर चार नकाबपोश नकदी, एटीएम कार्ड और मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
गांव निवासी राकेश कुमार पुत्र दर्शन लाल ने बताया कि वह गांव की मुख्य सड़क पर सैर कर रहा था। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक आए और हथियार से टांग पर वार किया। इसके बाद गर्दन पर हथियार रख जेब से सब कुछ निकालने को कहा। ऐसा न करने पर उन्होंने जान से मार देने की धमकी दी। राकेश ने बताया कि उन लोगों ने उसकी जेब में पकड़ी नकदी और एटीएम कार्ड निकल लिया। उन चारों ने अपने चेहरे बांध रखे थे। उन्होंने हथियार के बल पर मोबाइल में फोन पे का पिन लिया और खाते से 52 हजार रुपये निकालकर फरार हो गए। राकेश ने इस संबंध में रविवार को थाना आरएस पुरा में शिकायत दर्ज कार्रवाई। पुलिस ने राकेश के बयान पर अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।