हर साल हजारों कनाल गेहूं की फसल होती है जलकर राख
किसानों ने बिजली विभाग से की ढीले बिजली के तार कसने और टेढ़े खंभों को सीधा करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। क्षेत्र में बिजली के तार ढीले होने के अलावा बिजली के खंभे भी टेढ़े हैं। इसके चलते गेहूं की फसल पर संकट पैदा हो सकता है। आमतौर पर गेहूं की फसल शॉर्ट सर्किट की चिंगारी से बर्बाद हो जाती है।
अगले 15 दिन में गेहूं की फसल की कटाई शुरू हो जाएगी। मगर बिजली विभाग ने ढीले तार और टेढ़े खंभों को ठीक नहीं करवाया है। इससे शॉर्ट सर्किट से गेहूं की फसल पर संकट बढ़ गया है। कई स्थानों पर तारों के बीच की दूरी बिल्कुल कम है और कई जगह पर तारें बिल्कुल जमीन से 8 फीट की दूरी से गुजर रही हैं। इससे किसानों की चिंता बनी हुई है। गेहूं की फसल जब पक कर तैयार हो जाती है तो किसी पक्षी के तारों पर बैठने या तेज हवा चलने से शॉर्ट सर्किट हो जाता है। जिससे निकली चिंगारी पूरे क्षेत्र की गेहूं की फसल को चपेट में ले लेती है। जब तक दमकल विभाग की गाड़ी पहुंचती है, तब तक हजार एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो जाती है। किसानों ने बिजली विभाग से ढीले बिजली के तार कसने और टेढ़े खंभों को सीधा करने की मांग की है।
समय रहते बिजली विभाग को ढीले तार और टेढ़े खंभों को दुरुस्त कर देना चाहिए। हर साल हजारों एकड़ गेहूं की फसल जलकर बर्बाद हो जाती है। मगर विभाग ने इन्हें दुरुस्त करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ता है।
किसान ज्योति लाल, पंचायत बहादुरपुर
बॉर्डर पर बिजली की व्यवस्था को दुरुस्त करना अनिवार्य है। दमकल विभाग देरी से पहुंचता है। जब तक किसान फसल समेट कर घर नहीं पहुंचा पाते, तब तक किसानों को राहत की सांस नहीं मिलती है। इसलिए बिजली विभाग को बिजली व्यवस्था में सुधार करना चाहिए।
किसान कुलदीप राज, अरनिया
पहले ही बारिश से फसल को नुकसान पहुंच गया है। अगर समय रहते बिजली की ढीली तारों को सही नहीं किया तो किसानों का और ज्यादा नुकसान हो जाएगा।
किसान मदन लाल सैनी
हर साल गेहूं की फसल शॉर्ट सर्किट से जलकर राख होती है। मगर उस पर किसी प्रकार की भी कार्रवाई नहीं की जाती है। प्रशासन के आला अधिकारियों को इस पर कड़ा संज्ञान लेना चाहिए।
किसान बोध राज, अरनिया