जम्मू। शराब की दुकानें शुक्रवार को दूसरे दिन भी खेली गईं। यहां पहले की दिन की तुलना में मारामारी नहीं हुई। दुकानों के बाहर लाइने गायब हो गईं। कहीं कहीं पर सुबह थोड़ी देर के लिए लाइन लगी, लेकिन कुछ ही देर बाद लाइनें गायब हो गईं। यहां कहीं लाइन लगी भी तो लोग सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए नजर आए। बता दें कि दो महीने के बाद वीरवार को शराब की दुकानें खोली गई थीं। दुकानें खुलने के बाद लंबी लाइनें लग गईं। कई जगहों पर भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को लाठियां तक चलानी पड़ी। पुलिस के अफसरों को खुद मौके पर पहुंचकर लोगों को सोशल डिस्टेंस का पालन करवाना पड़ा। लेकिन शुक्रवार को दुकानों के बाहर लाइनें नजर नहीं आई। शराब की दुकान चलाने वाले अजय कुमार ने कहा कि पहले दिन की वजह से लाइन लग गई थी। अब आने वाले दिनों में सामान्य तरीके से बिक्री होगी। दुकानों के बाहर क्रास लगा दिए गए हैं। सोशल डिस्टेंस का पालन करके बिक्री होगी।