- बार-बार बटन दबाने से आई समस्या, इंजीनियरों ने कड़ी मशक्कत से खोली लिफ्ट
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में शनिवार को लिफ्ट अचानक रुक गई। इससे अफरातफरी मच गई। करीब दस मिनट तक कई लोग इसमें फंसे रहे। इंजीनियरों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तकनीकी खराबी दूर कर लोगों को सुरक्षित निकाला। डिप्टी सुपरिंटेंडेंट डॉ. संयोगिता सूदन ने बताया कि अस्पताल में तीन लिफ्ट लगाई गई हैं। इनमें एक में लोगों ने लिफ्ट के ऊपर से आने के पहले ही कई बार बटन दबा दिया। इससे तकनीकी तौर पर लिफ्ट बार-बार ऊपर नीचे आने के बाद बीच में रुक गई। लिफ्ट के मेंटीनेंस का कार्य देख रही कंपनी के इंजीनियर मौके पर ही थे। लगभग 10 मिनट तक लिफ्ट में लोग फंसे रहे। तकनीकी खराबी को दूर कर सभी को बाहर निकाल लिया गया। डाॅ. सूदन ने बताया कि तीनों लिफ्ट काफी पुरानी हैं। नई लिफ्ट लगाने के लिए टेंडर कर दिया गया है।