जम्मू। उपराज्यपाल के सलाहकार राजीव राय भटनागर ने जीएमसी और एसोसिएटेड अस्पतालों की प्रतिष्ठित परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए प्रभावी निगरानी पर जोर दिया है। हितधारक विभाग के अधिकारियों और प्रबंधन के बीच मजबूत तालमेल और समन्वय बनाया जाए, ताकि परियोजनाओं को बिना किसी बाधा के क्रियान्वित किया जा सके। सलाहकार ने शुक्रवार को नागरिक सचिवालय में सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू और इसके संबद्ध अस्पतालों और संस्थानों की प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
सलाहकार ने राज्य कैंसर संस्थान, हड्डी व जोड़ अस्पताल, सर कर्नल आरएन चोपड़ा नर्सिंग होम, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण, एसएमजीएस अस्पताल में लेबर रूम का निर्माण/विस्तार और अन्य सुविधाओं के कार्यों की समीक्षा की। कहा, एलजी के नेतृत्व में प्रशासन जनता को उन्नत स्वास्थ्य देखभाल सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में चिकित्सा बुनियादी ढांचे को बढ़ाने पर केंद्रित है। उन्होंने प्रिंसिपल जीएमसी को सभी पूर्ण परियोजनाओं की गुणवत्ता परीक्षण करने और परियोजना में खराबी की रिपोर्ट संबंधित निष्पादन एजेंसी को देने को कहा। साथ ही मशीनरी और अन्य उपकरणों की तैनाती की प्रगति की समीक्षा करते हुए निष्पादन एजेंसी के अधिकारियों से पूर्ण परियोजनाओं को तुरंत सौंपने को कहा, ताकि उन्हें समर्पित किया जा सके। बैठक के दौरान सलाहकार ने जीएमसी जम्मू की कुछ स्वास्थ्य सुविधाओं में मौजूदा ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्रों की क्षमता को उन्नत करने पर जोर दिया।